आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। केण्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत बगीचा नंबर 53/54 (सेंट्रल स्कूल के पास, सदर) में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रहने वाले 50 वर्षीय जितेन्द्र पासी ने खुद पर चाकू से हमला कर अपनी कलाई और गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए शासकीय विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की मां कमला बाई पासी (70 वर्ष) ने बताया कि उसका बेटा जितेन्द्र शराब पीने का आदी था और उसकी शादी नहीं हुई थी। रात में परिवार के लोग सो रहे थे, तभी तड़के लगभग 4:30 बजे जितेन्द्र की आवाज सुनकर मां की नींद खुली। उन्होंने देखा कि जितेन्द्र घर में रखी सब्जी काटने वाली चाकू से खुद की कलाई और गले पर वार कर रहा था।

अस्पताल में तोड़ा दम
मां ने तुरंत पड़ोसियों की मदद से लहूलुहान जितेन्द्र को विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। हालांकि, घाव गहरे होने के कारण सुबह लगभग 7:10 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना विक्टोरिया अस्पताल से केण्ट पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मां के बयानों के आधार पर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।