आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान एवं भव्य कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। कैंट विधानसभा के लोकप्रिय विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

यह विशाल यात्रा रानी अवंतीबाई वार्ड (वार्ड 67) स्थित न्यू रेलवे स्टेशन, दुर्गा नगर से प्रातः 9:30 बजे जयकारों के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा भटोली मोड, छिवला, तिलहरी, रेवा नगर, चौथा मील, एकता मार्केट, गौरैयाघाट, कटियाघाट, निर्माण नगर (रानी लक्ष्मीबाई वार्ड 66), शिवपुरी, पिगरी, भोंगाद्वार और धोबीघाट होते हुए गोरा बाजार पहुंची, जहां से आगे बढ़ते हुए सदर में इसका भव्य समापन हुआ।

जगह-जगह हुआ स्वागत और पूजन
यात्रा मार्ग में स्थान-स्थान पर क्षेत्रीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने जगह-जगह आरती उतारकर व पूजा-अर्चना कर संत रविदास जी के संदेशों को नमन किया। पूरी यात्रा के दौरान 'समरसता, समानता और भाईचारा' का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

दिग्गज नेताओं और अपार जनसमूह की मौजूदगी
इस विशाल यात्रा में कैंट विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, सौरव गोयल सहित क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और भारी संख्या में आम जनमानस मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि संत गुरु रविदास के विचार आज भी समाज में एकता, समानता और समरसता की प्रेरणा देते हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त और एकजुट समाज का निर्माण संभव है।