आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। मदन महल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक बड़ा हादसा सामने आया है। जबलपुर से शहडोल लौट रहे एक बुजुर्ग यात्री चलती अमरकंटक एक्सप्रेस में चढ़ते समय अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़े। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान शासकीय मेडिकल अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामकरण शर्मा (उम्र लगभग 52-55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शहडोल के रहने वाले थे। वे अपनी बीमारी का इलाज कराने जबलपुर स्थित एपेक्स अस्पताल आए हुए थे। इलाज कराने के बाद वे अपने परिजनों के साथ वापस शहडोल जाने के लिए मदन महल रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसला पैर
बताया जा रहा है कि स्टेशन पर अमरकंटक एक्सप्रेस के छूटते ही रामकरण शर्मा चलती गाड़ी में चढ़ने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद परिजनों और पुलिस की मदद से उन्हें अत्यंत गंभीर अवस्था में मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई व मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
Continue With Google
Comments (0)