आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। वन परिक्षेत्र पनागर अंतर्गत रिहायशी इलाके द्वारका परिसर में पिछले कई दिनों से चहल-कदमी कर रहे मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने आखिरकार सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया है। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों और कॉलोनी के रहवासियों ने राहत की सांस ली है।

मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी रेंजर शैलेश कुमार गौतम ने बताया कि 5 तारीख को वन विभाग को द्वारका परिसर में मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वनमंडल अधिकारी पुनीत सोनकर एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी सौरभ शर्मा के निर्देशन में 12 सदस्यीय रेस्क्यू टीम का गठन किया गया। वन विभाग की टीम 5 तारीख से ही लगातार इलाके में निगरानी बनाए हुए थी। मगरमच्छ को पकड़ने के लिए परिसर में जाल बिछाए गए और पम्पों के माध्यम से जलजमाव वाले स्थान से पानी को बाहर निकाला गया।

लगातार 7 दिनों की कड़ी मशक्कत और संघर्ष के बाद, जैसे ही मगरमच्छ पानी से निकलकर मुख्य सड़क पर आया, मुस्तैद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। डिप्टी रेंजर ने पुष्टि की कि इस दौरान मगरमच्छ द्वारा कॉलोनी परिसर में किसी भी प्रकार की जनहानि या नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है।