आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरगी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में लेकर 4 लाख रुपए से अधिक मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है और चालक को गिरफ्तार किया है।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने तोड़ा टोल बैरियर, डिवाइडर से टकराई कार
थाना प्रभारी बरगी नीलेश दोहरे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि धूमा की ओर से एक काले रंग की स्कॉर्पियो (MP 20 ZW 5181) में भारी मात्रा में अवैध शराब जबलपुर लाई जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम निगरी कैनाल के पास चेकिंग शुरू की। जैसे ही संदिग्ध स्कॉर्पियो आते दिखी, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़ते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसका पीछा किया। दून स्कूल के पास भारत बेंज के बाजू की कच्ची सड़क पर चालक का नियंत्रण छूट गया और गाड़ी डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
विभिन्न नामी ब्रांड्स की 359 बोतलें और 48 पाव बरामद
पुलिस ने घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम आशुतोष शिवहरे (30 वर्ष), निवासी खेरमाई मंदिर के पास बेलखाडू, थाना कटंगी बताया।
स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से विभिन्न ब्रांड्स की 359 बोतलें एवं 48 पाव अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल कीमत ₹4,01,560 आंकी गई है। पुलिस ने शराब के साथ एक मोबाइल फोन और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है।
आबकारी व मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट एवं 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से यह पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। इस पूरी कार्रवाई में बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे, उप निरीक्षक असवंत सिंह, प्रधान आरक्षक विजय पटेल, होमन लाल, आरक्षक मिथलेश एवं सुधीर की सराहनीय भूमिका रही। इसके अलावा पनागर पुलिस टीम ने भी क्षेत्र से 55 लीटर कच्ची शराब जब्त की है।
Continue With Google
Comments (0)