आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के कटुआ बगीचा पड़रिया हार स्थित खेत के पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पानी में उतराती लाश को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर शव को पानी से बाहर निकाला।

प्रारंभिक जांच में शव 6 से 7 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 70 वर्ष के आसपास है। शव की वेशभूषा में उसने कुर्ता-पजामा पहन रखा है और हाथ में राखी बंधी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं दूर से पानी के तेज बहाव में बहकर यहां पहुंचा होगा। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।

कटंगी थाना प्रभारी गोपेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि कटंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटुआ बगीचा पड़रिया हार में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला है, जिसकी उम्र लगभग 70 वर्ष है। शव 6-7 दिन पुराना लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के जिलों और थानों में सूचना भेजकर शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पीएम रिपोर्ट और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान जुटाने और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।