आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के व्यस्ततम मिलौनीगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिजली विभाग के मेंटेनेंस कार्य के दौरान सड़क पर लगे दो पुराने और जर्जर विद्युत पोल अचानक ढह गए। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय पोल पर चढ़कर काम कर रहा आउटसोर्स कर्मचारी और सड़क पर मौजूद राहगीर बाल-बाल बच गए।

धमाके के साथ पास के मकान पर जा टिका पोल
​घटना शनिवार सुबह की है जब मिलौनीगंज इलाके में आर्मर्ड केबल बदलने और ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी जर्जर खंभे पर चढ़कर केबल दुरुस्त कर रहा था कि अचानक खंभा नीचे से टूटकर गिर गया। पोल गिरते ही तारों में तेज स्पार्किंग के साथ जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गिरता हुआ एक पोल पास के एक मकान की दीवार पर जा टिका। हादसे के समय पास ही स्थित मालपानी स्कूल से बच्चों के छूटने का समय भी नजदीक था, जिससे एक बड़ा हादसा होने की आशंका थी, लेकिन ईश्वर की कृपा से कोई जनहानि नहीं हुई।

घटनाक्रम से गर्माया सियासी पारा: विनय सक्सेना ने उठाए सवाल
​हादसे की सूचना मिलते ही कांग्रेस के पूर्व विधायक विनय सक्सेना मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग व प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने आरोप लगाते हुए कहा कि 60-70 साल पुराने जर्जर खंभों की बिना जांच किए कर्मचारियों को ऊपर चढ़ाकर काम कराया जा रहा है, जो उनकी जान के साथ खिलवाड़ है। इतने बड़े हादसे के बावजूद मौके पर बिजली मंडल, पुलिस या प्रशासन का कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंचा, केवल छोटे आउटसोर्स कर्मचारियों के भरोसे काम छोड़ा गया।

अंडरग्राउंड केबलिंग की मांग-

पूर्व विधायक ने कहा कि घने और व्यस्त इलाकों में 11 KV की संवेदनशील लाइनों को ऊपर खंभों के बजाय आधुनिक 'अंडरग्राउंड केबल डक्टिंग' तकनीक से बिछाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में राइट टाउन, गोल बाजार और नेपियर टाउन में यह काम शुरू हुआ था, जिसे अब पूरे शहर में लागू करने की सख्त जरूरत है।

स्थानीय लोगों ने की सर्वे की मांग

​इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में गहरा रोष है। नागरिकों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि फुहारा से मिलौनीगंज तक के पूरे क्षेत्र में लगे पुराने और कमजोर पोलों का तत्काल सर्वे कराया जाए और उन्हें बदला जाए, ताकि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।