आर्य समय संवाददाता,बरेला (जबलपुर)। सागर जिले के बंडा तहसील क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पूरे प्रदेश में चिंता का माहौल है। इसी बीच बरेला परिक्षेत्र के गांव-गांव में कथित रूप से हो रही अवैध शराब की बिक्री और बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरेला ने थाना बरेला में ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश पटेल ने आरोप लगाया कि बरेला परिक्षेत्र के लगभग हर गांव में शराब माफिया द्वारा वाहनों के माध्यम से खुलेआम शराब की सप्लाई किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारण युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है तथा क्षेत्र में चोरी, चाकूबाजी, लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर आमजन में चिंता बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाने और शराबबंदी को लेकर किए जा रहे दावों के बावजूद यदि गांव-गांव अवैध शराब पहुंच रही है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सत्येंद्र गर्ग एवं जनपद सदस्य ने भी पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब और अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में उग्र प्रदर्शन की संपूर्ण जवाबदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बरेला क्षेत्र में शराब, सट्टा सहित विभिन्न अवैध गतिविधियों के संबंध में लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जहरीली शराब से होने वाली घटनाएं कई परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संकट में डाल देती हैं। ऐसे में अवैध शराब के नेटवर्क पर समय रहते सख्ती से कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।
ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश पटेल, जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष सत्येंद्र गर्ग, नरेश पटेल, विजय जैन, पंजी, सागर सिंह गौर, रोहित पटेल, अनुराग पटेल, भूपेंद्र पटेल, राजीव गौतम, शेख सलीम, साहिल पटेल, बबलू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)