आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के मुखर्जी चौक पर स्वर्गीय दादा ईश्वर दास रोहाणी द्वारा बनवाए गए सामुदायिक भवन का उन्नयन के बाद सोमवार विधायक अशोक रोहाणी ने शुभारंभ किया। लंबे समय से अव्यवस्था के दौर से गुजर रहे इस भवन का 3.50 लाख रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार कराया गया है। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद सावित्री शाह,निशांत झरिया, मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंगर सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि लाला लाजपतराय वार्ड कैंट विधानसभा के अंतर्गत दादा का बनाया हुआ जो भवन लंबे समय से अव्यवस्था के दौर से गुजर रहा था।

उन्होंने पार्षद सावित्री शाह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, मुझे इस बात की खुशी है कि बहन सावित्री शाह पार्षद ने इसमें अथक प्रयास करके और इसको बहुत सुंदर और सौंदर्यीकरण करके इसका उन्नयन कराया है।

विधायक ने कहा कि पहले यहां मांगलिक कार्यक्रम करने में लोगों को असुविधा होती थी।आज बहुत सुंदर दादा की उस धरोहर को फिर पुनः जीवंत करने का काम किया है।

उन्होंने आगे बताया कि अब यह भवन आम लोगों के लिए बैठकों और कार्यक्रमों के लिए उपयोगी होगा।आने वाले समय में यह भवन लोगों के लिए बैठकों के लिए, आने वाले कार्यक्रमों के लिए हमारे गरीब लोग जो अपना कार्यक्रम नहीं कर सकते वो यहां पर एक निर्धारित कम शुल्क में यहां पर कार्यक्रम कर सकते हैं। जो दादा की मंशा थी उसी को हमने आज बहुत सुव्यवस्थित सुंदर करने का काम किया है। निश्चित रूप से इनको सबको लाभ मिलेगा।