आर्य समय संवाददाता, बरेला।  बरेला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित विद्युत कटौती से आमजन को हो रही परेशानियों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरेला ने कनिष्ठ अभियंता राजीव चौधरी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र व्यवस्था सुधारने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि पिछले दो दिनों से रात्रि के समय लगातार दो-दो घंटे बिजली बंद रहने से ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण मच्छरों, कीड़े-मकोड़ों एवं अन्य विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया सहित अन्य बीमारियों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

कनिष्ठ अभियंता राजीव चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि समस्या का शीघ्र निराकरण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश पटेल, जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र गर्ग, किसान कांग्रेस अध्यक्ष योगेश पटेल, जिला सचिव विजय जैन, निलेश बरकड़े, पं. माधव शर्मा, नरेश पटेल, आनंद शुक्ला, संतराम श्रीपाल, विनय उपाध्याय, सुरेंद्र विश्वकर्मा, कल्लू यादव, योगेश झरिया, विनोद पटेल, रामानुज पटेल, अजय लोधी, सावन नामदेव, शक्ति पटेल, अनुज साहू, संतोष पटेल, गोलू वंशकार, रमेश प्रसाद, श्याम पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।