आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर में अवैध रूप से चलाए जा रहे भ्रूण लिंग परीक्षण (Sex Determination) गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आर. के. अग्रवाल सेंटर तथा उससे जुड़े आधारताल स्थिति एक्सीलेंस डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापेमारी कर दोनों सेंटरों को सील कर दिया है।

​एएसपी अनु बेनीवाल के अनुसार, जबलपुर पुलिस द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा के उद्देश्य से 'गरिमा अभियान' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से 'डिकॉय ऑपरेशन' (Decoy Operation) तैयार किया। कई दिनों की निगरानी और योजना के बाद टीम ने ग्राहक बनाकर संदिग्ध ठिकानों पर डिकॉय भेजा और फर्जीवाड़ा उजागर होते ही छापेमारी की कार्रवाई की।

हजारों रुपए वसूलकर किया जाता था लिंग परीक्षण
​एएसपी ने बताया कि आरोपी ग्राहकों से लिंग परीक्षण के नाम पर हजारों रुपये की मोटी रकम वसूलते थे। जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि भ्रूण परीक्षण के बाद परिणाम (लड़का या लड़की) बताकर भ्रूण हत्या/गर्भपात (Abortion) तक के मामलों में भी इनकी संलिप्तता रहती थी।

​एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है और संचालक डॉ. आरके अग्रवाल समेत इसमें शामिल सभी कर्मचारियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है। पुलिस एवं तकनीकी जांच (Technical & Physical Investigation) के दौरान कुछ अन्य डायग्नोस्टिक सेंटरों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।