आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सिहोरा के थाना खितौला स्थित 'इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक' में हुई चर्चित डकैती मामले में जबलपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने डकैती का सोना बेचने और अपने पास छुपाकर रखने वाले एक और शातिर आरोपी को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से 350 ग्राम सोना (कीमत लगभग 60 लाख रुपये) और घटना में प्रयुक्त 7.65 एमएम की देशी पिस्टल बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला-
उल्लेखनीय है कि 11 अगस्त 2025 को थाना खितौला अंतर्गत स्थित इसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक में 5 नकाबपोश डकैतों ने हथियारों के बल पर कर्मचारियों को डरा-धमकाकर 14 किलो 800 ग्राम सोना और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिए थे।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IG) जबलपुर जोन श्री प्रमोद वर्मा (IPS), पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) जबलपुर रेंज श्री अतुल सिंह (IPS) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) जबलपुर श्री संपत उपाध्याय (IPS) ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। हालही में 15 जुलाई को पुलिस ने डकैती के मुख्य आरोपी सुनील पासवान (निवासी: ग्राम बनाही, जिला गया, बिहार) को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लिया था।
थाना प्रभारी खितौला चंद्रकांत झा और क्राइम ब्रांच की टीम द्वारा जब आरोपी सुनील पासवान से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने खुलासा किया कि लूट के बाद उसके हिस्से में आए सोने को बेचने में उसके साथी छोटू उर्फ सरमन मेहतो ने मदद की थी तथा बचा हुआ सोना उसी के पास रखा है।
बिहार एसटीएफ (SDF) की मदद से
शेरघाटी से दबोचा गया आरोपी
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बिहार एसटीएफ (SDF) के सहयोग से शेरघाटी (जिला गया, बिहार) से आरोपी छोटू उर्फ सरमन मेहतो (उम्र 23 वर्ष) को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों की निशानदेही पर छोटू मेहतो के कब्जे से डकैती का बचा हुआ 350 ग्राम सोना (कीमती ~60 लाख रुपये)। सुनील पासवान के पास से वारदात में इस्तेमाल 7.65 mm बोर की देशी पिस्टल। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर जब्त आभूषण और पिस्टल के साथ जबलपुर ले आई है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
नाम: छोटू उर्फ सरमन मेहतो (पिता: राजकुमार प्रसाद), उम्र 23 वर्ष
निवासी: ग्राम मयरा, थाना इमामगंज, जिला गया (बिहार)
जब्त सामग्री: 350 ग्राम सोना (कीमत ₹60 लाख) एवं 1 देशी पिस्टल (7.65 mm)
सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई और डकैती का सोना बरामद करने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, एसडीओपी सिहोरा आदित्य सिंघारिया (IPS), डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी, डीएसपी साइबर सेल अंजुल अयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच एवं थाना खितौला पुलिस की संयुक्त टीम की अत्यंत सराहनीय भूमिका रही।
Continue With Google
Comments (0)