आर्य समय संवाददाता जबलपुर। जिले में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, अवैध शराब की बिक्री और जुआ-सट्टे के कारोबार को लेकर कांग्रेस नेता पूर्व विधायक संजय यादव ने राज्य सरकार और स्थानीय पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर पूरे जबलपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी है।

सत्ता के संरक्षण में चल रहा अवैध कारोबार
​पूर्व विधायक ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में गांव-गांव अवैध शराब बिक रही है। उन्होंने दावा किया कि अवैध नशे के कारोबार को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है और यह सब पुलिस के सहयोग से संचालित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवैध कारोबार में सत्ताधारी दल और उससे जुड़े लोग शामिल हैं, जिन्हें इसका दोहरा फायदा मिल रहा है—एक ओर वे अवैध शराब बेचकर और उधारी पर भारी ब्याज वसूलकर मुनाफा कमा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसका इस्तेमाल राजनीतिक कार्यक्रमों के खर्चों को उठाने में किया जा रहा है।


जबलपुर में हर दिन हो रही हैं हत्याएं और लूट
जिले की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि जबलपुर में हत्या, लूट, डकैती और चाकूबाजी की घटनाएं आम हो चुकी हैं। अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने बताया कि इस बिगड़ती स्थिति को लेकर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री को ट्वीट कर भी अवगत कराया है।

जनसुनवाई पर उठाए सवाल
​एसपी कार्यालय पहुंचे पूर्व विधायक ने जनसुनवाई की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि "जनसुनवाई अब केवल नाम की रह गई है, यह 'आफत सुनवाई' बन चुकी है।" उन्होंने आरोप लगाया कि जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंचने वाले ग्रामीणों और महिलाओं की जानकारी पुलिस के माध्यम से असामाजिक तत्वों तक पहुंच जाती है, जिसके बाद शिकायतकर्ताओं को धमकियां दी जाने लगती हैं।
महिलाओं ने सौंपा ज्ञापन
​इस दौरान 'जिला कांग्रेस महिला उत्पीड़न निवारण समिति' की जिला अध्यक्ष उमा उइके के नेतृत्व में स्थानीय महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम बसहा (ग्राम पंचायत बंदरकोला, थाना बरगी) में अवैध शराब की बिक्री पर तुरंत रोक लगाने और महिलाओं व बालिकाओं के साथ हो रही छेड़छाड़ व अभद्र व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।