आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जबलपुर जिले के ग्राम तिनसी में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक को 19,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है। आरोपी द्वारा आबादी की जमीन पर मकान निर्माण के लिए एनओसी (NOC) जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।

क्या है पूरा मामला-
​ग्राम तिनसी निवासी राजकुमारी परस्ते (पति शिवदीन परस्ते) ने अपनी आबादी की जमीन पर मकान बनाने के लिए पट्टा प्रदान करने हेतु ग्राम रोजगार सहायक (सहायक सचिव) दिलीप कुमार साहू से संपर्क किया था।
​आरोपी दिलीप साहू ने आवेदिका से कहा कि अभी पट्टा नहीं मिलेगा, बल्कि एनओसी मिलेगी। इसके एवज में उसने 20,000 रुपए की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर आवेदिका ने इसकी शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर से की।

सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
​लोकायुक्त टीम द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी 1,000 रुपए कम करते हुए 19,000 रुपए में काम करने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ने के लिए रणनीति तैयार की।
​सोमवार (27 जुलाई) को जैसे ही आवेदिका ने ग्राम पंचायत भवन तिनसी में आरोपी दिलीप कुमार साहू को 19,000 रुपए की रिश्वत राशि सौंपी, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा।
​आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)B और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
​ट्रेप दल सदस्य: यह कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक (टी.एल.ओ.) रेखा प्रजापति, निरीक्षक राहुल गजभिये एवं लोकायुक्त जबलपुर की टीम द्वारा अंजाम दी गई।