आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। खेल जगत से जबलपुर के लिए एक बेहद शानदार और गौरवान्वित करने वाली खबर सामने आ रही है। इंदौर में आयोजित हुए राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में जबलपुर के शटलर्स ने अपनी बादशाहत साबित की है। कई सालों के लंबे इंतजार के बाद जबलपुर के खिलाड़ियों ने इतिहास रचते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया है।

इंदौर में खेले गए इस कड़े मुकाबले में जबलपुर के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। जिला बैडमिंटन संघ जबलपुर के अध्यक्ष लोकनाथ तिवारी ने बताया कि यह ऐतिहासिक सफलता शहर के लिए कई मायनों में खास है। टूर्नामेंट में आयुष्मान मीना, आराध्या गुप्ता, हिमांशु गौर, आरना भदौरिया और पृथु गौतम ने कोर्ट पर अपने उत्कृष्ट और आक्रामक प्रदर्शन से पूरे प्रदेश का दिल जीत लिया।

वहीं, एश्वी मिश्रा सहित जबलपुर के अन्य होनहार खिलाड़ियों ने भी कांटे की टक्कर वाले मैचों में शानदार खेल दिखाते हुए शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमाया। खेल विशेषज्ञों की मानें तो जबलपुर के बैडमिंटन इतिहास में यह अवसर कई वर्षों के लंबे इंतजार और कड़ी मेहनत के बाद आया है, जिसने साबित कर दिया है कि संस्कारधानी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

जिला बैडमिंटन जबलपुर के अध्यक्ष लोकनाथ तिवारी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि जबलपुर को यह गौरवशाली अवसर कई वर्षों के लंबे इंतजार के बाद प्राप्त हुआ है। सभी विजेता खिलाड़ियों को ढेर सारी शुभकामनाएं!