आर्य समय संवाददाता जबलपुर/बरेला। जम्मू-कश्मीर के जम्मू स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम प्रतियोगिता में जबलपुर-बरेला की प्रतिभाशाली खिलाड़ी खुशी यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खुशी यादव, प्रतिष्ठित यादव परिवार में जन्मी सोनू यादव की सुपुत्री एवं संतू यादव की नातिन हैं।

प्रतियोगिता में खुशी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मानव क्रीड़ा एवं कला एकेडमी के प्रशिक्षक एडवोकेट जयराज चौधरी के मार्गदर्शन में खुशी ने यह शानदार सफलता अर्जित की।

खुशी की इस स्वर्णिम उपलब्धि से बरेला सहित पूरे जबलपुर एवं मध्यप्रदेश में हर्ष का माहौल है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का पूरा सामर्थ्य है।

खुशी यादव की इस उपलब्धि पर मानव क्रीड़ा एवं कला एकेडमी के संरक्षक कैप्टन आलोक त्रिवेदी, अध्यक्ष राजकुमार यादव, विवेक रंजन शुक्ला, झामसिंह तेकाम सहित खेलप्रेमियों, परिजनों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।