आर्य समय संवाददाता बरेला, (जबलपुर)। प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। यदि मन में दृढ़ संकल्प, मेहनत और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो सफलता अवश्य कदम चूमती है। इसी बात को सच कर दिखाया है बरेला के होनहार खिलाड़ी ओम शर्मा ने, जिन्होंने 10वीं राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर बरेला नगर सहित जबलपुर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।

बरेला निवासी वरिष्ठ पत्रकार पं. माधव शर्मा के सुपुत्र ओम शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक हासिल किया है। ओम शर्मा की इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार सहित बरेला नगर में हर्ष और गर्व का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल हासिल करना न केवल ओम शर्मा की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह बरेला क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

बरेला के युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत

ओम शर्मा की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि छोटे नगरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही मेहनत, अनुशासन और लगन से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

पिता पं. माधव शर्मा के लिए गर्व का क्षण

अपने पुत्र ओम शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पिता वरिष्ठ पत्रकार पं. माधव शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की सफलता पूरे परिवार के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने ओम शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा से बरेला, जबलपुर सहित मध्यप्रदेश का नाम रोशन करेंगे। ओम शर्मा की इस स्वर्णिम उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।