आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। 70वीं राज्य शालेय खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत पांच दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का सोमवार को रानीताल स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिताएं कलेक्टर जबलपुर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के नौ संभागों से लगभग 790 प्रतिभागी एवं ऑफिशियल्स शामिल हो रहे हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू रहे। कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष रिंकूज बिज, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया एवं संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भोपाल से नियुक्त ऑब्जर्वर मनोज दुबे एवं अनिल गुप्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने उद्घाटन समारोह में प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 70वीं राज्य शालेय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 25 सितम्बर तक किया जा रहा है। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में कुश्ती एवं वुशु की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें लगभग 790 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स भाग ले रहे हैं।

प्रतियोगिता के अंतर्गत 17 वर्ष बालक एवं बालिका फ्री स्टाइल कुश्ती, 17 वर्ष बालक ग्रीको-रोमन कुश्ती तथा 17 एवं 19 वर्ष बालक एवं बालिका वुशु की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। कुश्ती की सभी प्रतियोगिताएं शासकीय एमएलबी विद्यालय में तथा वुशु की प्रतियोगिताएं रानीताल स्टेडियम स्थित बैडमिंटन इंडोर हॉल में आयोजित होंगी।

उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों एवं खिलाड़ियों का मन मोह लिया। नन्हे बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई वुशु की आकर्षक प्रस्तुति को भी खूब सराहा गया। समारोह में अतिथियों ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण अंग है। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। मुख्य अतिथि महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू द्वारा प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई तथा ध्वजारोहण किया गया।

संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण खिलाड़ी की मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। वुशु की राष्ट्रीय खिलाड़ी कु. निष्ठा सोनी द्वारा सभी प्रतिभागियों को खेल भावना एवं अनुशासन की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में सहायक संचालक सोनम कटारे, सहायक संचालक खेल आशा सिसोदिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी मधुमिता हाजरा, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, अजय रजक, प्राचार्य श्रीमती रुक्मणि कनोजिया, आशीष पंड्या, डीके गुप्ता, आलोक शर्मा सहित शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।