आर्य समय संवाददाता, बरेला। प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। यदि मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा, दृढ़ संकल्प और मेहनत करने का जुनून हो, तो सफलता स्वयं कदम चूमती है। इसी बात को सच कर दिखाया है बरेला नगर की होनहार बेटी खुशी यादव ने, जिन्होंने 10वीं राष्ट्रीय फ्लाइंग किक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर बरेला नगर सहित पूरे जबलपुर जिले का गौरव बढ़ाया है।

बरेला निवासी सोनू यादव की सुपुत्री खुशी यादव ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे बरेला नगर में खुशी और गर्व का माहौल है।

बेटी की सफलता से परिवार और नगर का सिर गर्व से ऊंचा

खुशी यादव की इस स्वर्णिम उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे नगरों की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में किसी से पीछे नहीं हैं। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य बच्चों एवं युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।खुशी की इस उपलब्धि पर खेलप्रेमियों, शुभचिंतकों एवं नगरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

बरेला की बेटियां लिख रही हैं सफलता की नई इबारत

खुशी यादव की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे बरेला नगर के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर उन्होंने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और मजबूत इरादों के बल पर किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है। बरेला की इस होनहार बेटी की स्वर्णिम सफलता पर नगरवासियों ने बधाई देते हुए कामना की है कि खुशी यादव भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर भारत का तिरंगा लहराएं।