मध्यप्रदेश में मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। दो दिन गिरावट के बाद पारे में फिर से बढ़ोतरी हुई है। खासकर दिन के तापमान में। कई शहरों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर में भी गर्मी का असर है। वहीं, राजगढ़ में 35 डिग्री के ज्यादा तापमान है। कुछ शहरों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो गई है।
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि महाशिवरात्रि तक ठंड का असर रहेगा। इसके बाद रात का पारा भी बढ़ने लगेगा। फरवरी के आखिरी दिनों में सभी शहरों में दिन का तापमान 30-32 और रात में 12 डिग्री के पार पहुंच जाएगा।
राजगढ़ में दिन का तापमान 35.6 डिग्री के पार पहुंच गया है। रतलाम, गुना में 33 डिग्री, दमोह, सिवनी, धार, खंडवा, खरगोन, उज्जैन में 32 डिग्री से ज्यादा तापमान है। पचमढ़ी, रीवा, नरसिंहपुर में पारा 26 डिग्री से कम है।
इधर, रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, दतिया, धार, ग्वालियर और रायसेन में तापमान 10 डिग्री के नीचे है। बाकी शहरों में पारा चढ़ा हुआ है।
यहां फरवरी के दूसरे पखवाड़े के बाद से ही हल्की गर्मी की शुरुआत होती है। महीने का आखिरी हफ्ता सबसे ज्यादा तपता है। ट्रेंड के मुताबिक महीनेभर में दिन का सबसे ज्यादा तापमान आखिरी हफ्ते में ही रिकॉर्ड किया गया है। इस साल 10 फरवरी को पारा 33 डिग्री के पार पहुंच गया था।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी के आखिरी हफ्ते से मप्र में गर्मी दस्तक दे सकती है। मार्च के आखिरी हफ्ते से लू चलने के हालात बन जाएंगे। आमतौर पर मप्र में तेज गर्मी 15 मार्च से शुरू होती है, जो 10 जून तक चलती है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होती हैं।
मार्च में सूर्य भूमध्य रेखा के करीब पहुंच जाता है, इससे दक्षिण भारत तपने लगता है। अप्रैल में सूर्य की स्थिति बदलने के बाद ही मप्र के दक्षिणी हिस्सों से तेज गर्मी की शुरुआत होती है, जो मई मध्य तक पूरे प्रदेश को कवर कर लेती है। जून के दूसरे पखवाड़े में सूर्य की स्थिति बदलने पर मौसम भी बदलने लगता है, लेकिन इस बार गर्मी का दौर लंबा चलने के संकेत हैं।

Continue With Google
Comments (0)