आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। नगर के विकास और शहर के नागरिकों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ रानी अवंती बाई वार्ड के चैतन्य सिटी में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली मुख्य सड़क का महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से निर्माण कार्य का सघन निरीक्षण किया गया और प्रगति की जानकारी ली गयी। निरीक्षण के दौरान महापौर श्री अन्नू और विधायक श्री रोहाणी ने संबंधित अधिकारियों व ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चैतन्य सिटी और आस-पास के नागरिकों की मांग को सहृदयता से सुनते हुए महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रीय नागरिकों की मांग पर वार्ड की शेष बची अन्य आंतरिक सड़कों के निर्माण कार्य को भी जल्द से जल्द शुरू कराने की अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इसके साथ ही, इस ऐतिहासिक सड़क का निर्माण वीरांगना रानी दुर्गावती जी के गौरवशाली कार्यकाल की यादों और विरासत को सहेजते हुए किया जा रहा है। इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकगण उपस्थित रहे।