आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। सोमवार को भंडारी अस्पताल मार्ग स्थित पायल टॉकीज के पास बने राजुल डुप्लेक्स में किराए से रह रही ब्युटी पार्लर संचालिका को उसके कथित पार्टनर ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पहुंची पुलिस को आरोपी की लाश भी कमरे में मिली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका के जीजा के अनुसार मृतका शक्ति कोहली पिछले करीब 20-25 वर्षों से ब्यूटी पार्लर का संचालन कर रही थीं। हाल ही में उन्होंने मुस्कान प्लाजा विजय नगर में स्थित एक डुप्लेक्स में नया पार्लर शुरू किया था। इस काम में दीपेश राठौर उनके साथ पार्टनर के रूप में जुड़ा हुआ था।
परिजनों के मुताबिक कुछ समय बाद दीपेश के आपराधिक बैक ग्राउंड की जानकारी सामने आई, जिसके बाद परिवार ने शक्ति को उससे अलग होने की सलाह दी। बताया जा रहा है कि शक्ति ने जब पार्टनरशिप खत्म करने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दीपेश लगातार गाली-गलौज कर रहा था और जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था।
सोमवार को उक्त महिला जब अपना ब्यूटी पार्लर का सामना लेने राजुल डुप्लेक्स आई हुई थी,इसी दौरान पीछे से वहां दीपेश भी आ पहुंचा और विवाद करते हुए शक्ति पर गोली चला दी। इसी दौरान वहां मौजूद शक्ति की सहायिका ने कमरे का बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और सहायता मांगने बाहर दौड़ी। बताया जाता है कि जब मौके पर पुलिस ने पहुंचकर दरवाजा खोला तो शक्ति और दीपेश खून से लथपथ जमीन पर पड़े हुए थे।

Continue With Google
Comments (0)