JAGADALPUR- अंचल में हो रही लगातार बारिश के कारण तीरथगढ़ जलप्रपात का सौंदर्य निखर गया है। सैकड़ों की संख्या में हर दिन पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। 90 फीट की ऊंचाई से चट्टानों से टकराते हुए गिरता जल काफी आकर्षक लग रहा है। 

कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र की शोभ यह जलप्रपात बढ़ाता है। गणेश बहार नाले का जल इस प्रपात से अनवरत गिरता रहता है। पहाड़ियों और घने जंगलों के बीच इस प्रपात का सौंदर्य देखते ही बनता है। स्थानीय पर्यटकों के अलावा राष्ट्रीय उद्यान में हर साल हजारों की संख्या में लोग पहुंचते हैं और इस मनोरम दृश्य का आनंद लेते हैं। 

तीरथगढ़ वॉटरफाल न केवल पर्यटकों को प्राकृतिक सौंदर्य का नजारा करवाता है, बल्कि सैकड़ों लोग इसके मुहाने पर बैठकर रोजगार कमाते हैं। यहां आने वाले सैलानियों से उनके परिवार की रोजी-रोटी चलती है। यही वजह है कि बारिश और ठंड के दिनों में इन दुकानदारों की बांछें खिली रहती हैं। 

दूसरे प्रदेशों से यहां आने वाले लोगों के मन में भी इस प्रपात को देखने की इच्छा है। इस झरने के बारे में सुन चुके लोग यहां जाकर इसका सौंदर्य निहारने की प्लानिंग कर रहे हैं ताकि बारिश के दिन में दिखने वाले नजारे का आनंद ये भी ले सकें...