आर्य समय संवाददाता जबलपुर। कुत्ता इधर-उधर घूमने की बात पर सुबह उपजे विवाद को लेकर पनागर के जलगांव में 5 लोगों ने मिलकर लाठी से हमला कर युवक की हत्या कर दी। जरा से विवाद में युवक की हत्या होने के बाद से गांव में 2 पक्षों के बीच आंशिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। हत्या की सूचना मिलते के बाद पुलिस ने गांव में दबिश देते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। हत्याकांड में फरार शेष 2 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम संदिग्ध स्थानों में दबिश दे रही है। इधर मेडिकल अस्पताल में पोस्टमार्टम होकर मृतक की लाश घर पहुंचने से पहले पनागर पुलिस जलगांव में अपनी उपस्थिति बनाए हुए है, ताकि आगे किसी प्रकार का विवाद न हो। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 296,115(2), 126(2),103,3 (5) बीएनएस 3(2) एससी/एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पनागर पुलिस को अनुराग भुमिया पिता छोटेलाल भुमिया 24 साल निवासी ग्राम तिंदनी जलगांव ने बताया कि शुक्रवार सुबह चाचा रामवरन भुमिया का गांव के सचिन यादव से कुत्ता टहलाने की बात को लेकर झगड़ा हो गया था। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद झगड़ा शांत हो गया था। बताया जाता है कि रात करीब 8:30 बजे अनुराग भुमिया, रामवरन भुमिया, अजय वंशकार, जतिन कोल और समीर चौधरी सुबह हुए विवाद में शांति समझौता के लिए सचिन यादव के घर पहुंचे थे। घर पहुंचते ही सचिन यादव, राजकुमार यादव, राहुल यादव, अरुण यादव एवं सुधा यादव कहने लगे कि रिपोर्ट करने के बाद तुम लोग यहां नेतागिरी करने आए हो। सभी ने एकराय होकर लाठी डंडे से हमला कर दिया। हमले में रामवरन के सिर में, अजय वंशकार के हाथ और सिर में, समीर चौधरी की आंख के पास चोट पहुंची। चीख-पुकार मचने के बाद आरोपी धमकी देते हुए अपने घर के अंदर चले गए। घायल रामबरन को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

https://www.youtube.com/watch?v=IBx10Uk6yLw