आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। लाठी की दम पर अभिभावकों से फीस वसूली और विद्याथियों को परीक्षा से वंचित करने की धमकी को लेकर महाराजपुर स्थित ज्ञानगंगा स्कूल में सुबह-सुबह जमकर बवाल मच गया। आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने फीस जमा न होने पर छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल से भगा दिया था। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

परिजनों का यह भी आरोप है कि स्कूल प्रबंधन के कर्मचारियों ने लाठी का सहारा लेते हुए परिजनों से फीस वसूलने धमकाया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। स्कूल में एकाएक हुए झगड़े की सूचना पुलिस को मिली और पुलिस मौके पर पहुंची।

कक्षा चौथी और पांचवीं में पढ़ने वाली छात्राओं का कहना है कि फीस के लिए मैडम स्कूल में मारपीट करती हैं। पहली और दूसरी में पढने वाले बच्चों के अभिभवकों का कहना था कि बिना सूचना के स्कूल वालों ने बच्चों को स्कूल से निकाल दिया। स्कूल के बाहर चलता हुआ मार्ग है, छोटे बच्चे किसी हादसे का शिकार हो जाते तो इसका जिम्मेदार कौन होता।

स्कूल प्रबंधन का कहना कि आज स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा प्रस्तावित थी। छात्र-छात्राओं और परिजनों को फीस जमा करने के लिए पहले से बताया जा रहा था। कई बच्चों की 12 से 15 महीने की फीस जमा नहीं है। सुबह-सुबह एक बच्चे के परिजन कम्प्यूटर आॅपरेटर से बदसलूकी करते हुए गालीगालौच करने लगे। कुछ देर बाद कई छात्र-छात्राओं के परिजन स्कूल कर्मचारियों से झगड़ा करने लगे।