आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। जिला प्रशासन की कार्रवाई से निजी स्कूल संचालक प्रबंधक अब बौखला कर सारी सामाजिक-मानवीय मर्यादाओं को ताक पर रख चुके हैं। ऐसे स्कूल प्रबंधन ना तो बढ़ी हुई फीस वापस कर रहे हैं ना ही अन्य किसी नियम का पालन कर रहे हैं। उस पर तुर्रा यह है कि नए नए नियम बना अनुशासन के नाम पर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को परेशान कर रहे हैं। जिसका विरोध करने पर सीधी आप अपने बच्चे का ट्रांसफर सर्टिफिकेट ले लीजिए कह कर धमका रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला बुधवार को सेंट अलॉयसियस स्कूल पोलीपाथर का सामने आया है। सबसे हैरत की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर के जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। अनुविभागीय दंडाधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि गोरखपुर सेंट सेंट अलॉयसियस स्कूल पोलीपाथर के बारे में जानकारी मिली है कि जो बच्चे लेट आए हैं, उन्हे अनुशासन के नाम पर बाहर रोका है, बाद में समझाईश देकर बुला लिया गया है। कोई शिकायत आएगी तो उसकी जांच करेंगे और गलत है तो कार्रवाई भी करेंगे। प्रशासन के संज्ञान में आ चुका है यह मामला। जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि अलॉयसियस स्कूल में आज लेट आने वाले बच्चों को अनुशासन के लिए रोका गया है यह जानकारी मिली है, इसका परीक्षण करा रहे हैं, यदि कुछ गलत है तो कार्रवाई की जाएगी।
https://www.youtube.com/watch?v=uw20F8mRKzk