आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कोतवाली थानांतर्गत राजा रसगुल्ला के पास दो जालसाजों ने एक महिला को अपनी बातों में उलझाकर सोने के जेवर उतरवा लिए। इससे पहले कि महिला उन दोनों की जालसाजी समझ पाती,दोनों वहां गायब हो गए। थोड़ी ही देर में यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई और हड़कंप मच गया, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पहुंच गई। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।

थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पानी की टंकी के पास रहने वालीं 60 वर्षीय चंद्रकला जैन आज सुबह करीब 11 बजे  पैदल ही कहीं जा रही थीं। जैसे ही वे राजा रसगुल्ला के पास पहुंची तो उन्हें बाबा का वेष रखे दो लोगों ने रोका। उन दोनों ने चंद्रकला को बातों में ऐसा उलझाया कि उन्होंने अपनी पीड़ा बता दी।

जिसके बाद जालसाजों ने उनसे उनकी सोने की चैन और टॉप्स उतरवाकर पर्स में रखवाए और कोई मंत्र फूंककर थोड़ी दूर जाने कहा। महिला ने उनकी मानी लेकिन जब थोड़ी देर बाद वे उसी स्थान पर पहुंचीं तो बाबा का वेश वाले दोनों लोग वहां से गायब थे। इसके बाद महिला ने पर्स खोला तो उसमें से चैन और टॉप्स भी नहीं थे, जिसके बाद महिला को पूरा माजरा समझ आ गया। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फु टेज खंगालकर जालसाजों के संबंध में सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को ही पुलिस ने 18 जनवरी को कोतवाली और कैंट में हुई ठगी का खुलासा किया था। हालांकि पुलिस ठगों के ठिकाने तक पहुंच गई थी, लेकिन वहां से केवल जेवर ही बरामद हुए। आरोपी पुलिस के हांथ नहीं लगे।