आर्य समय संवाददाता जबलपुर। रोजा इफ्तार के बाद घर के बाहर खड़े युवक से बेवजह विवाद करते हुए बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद मक्का नगर की गली नंबर-6 में एकाएक अफरा-तफरी मच गई। घायल के परिजन और परिचित उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर हनुमानताल पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हनुमानताल पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में मृतक की मां अमीना बेगम ने बताया कि उनका बेटा अनानुद्दीन इफ्तार के बाद घर के बाहर खड़ा था, उसी वक्त आरोपी शादाब मंसूरी आया और बाहर कैसे खड़ा है कहकर झगड़ा करने लगा। विवाद से बचने के लिए बेटा अनानुद्दीन घर के अंदर आ गया। कुछ देर बाद शादाब मंसूरी और नाौसाद खान वापस आए और अचानक अनानुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में बेटे अनानुद्दीन को गंभीर चोटें आई , अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में बेटे की मौत हो गई। मृतक के भाई फरहान का कहना है कि आरोपियों से उनका पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस हमले को अंजाम दिया गया। 18 साल का अनानुद्दीन कक्षा 10वीं का छात्र था। हनुमानताल थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस घटना के पीछे के सभी कारणों की जांच कर रही है।

https://www.youtube.com/watch?v=9GJHD8Pyb54