आर्य समय संवददाता,जबलपुर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान पर छाए हल्के बादलों ने तीखी ठंड से राहत दी है, किंतु अब आसमान साफ होते ही ठंड जलबेदार होगी। 25 दिसंबर बड़ा दिन तीखी ठंड वाला हो सकता है। इसके बाद 27 से सक्रिय हो रहे एक नवीन और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के असर से जाता साल 2024 मावठे की रिमझिम भरा हो सकता है। इसके साथ ही नए साल के सुबह भी पानी-बादल के पूरी संभावनाएं हैं। इसके बाद आसमान साफ होते ही कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होगा। इधर आज सुबह स्थानीय मौसम वेधशाला में शहर का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो सामान्य था।

स्थानीय मौसम वेधशाला से मिली जानकारी के मुताबिक पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के ऊपर चक्रवाती एवं पश्चिमी विक्षोभ के असर से आसमान पर हल्के बादल छाए हुए हैं। इसका प्रभाव अगले दो दिनों में समाप्त होने के साथ ठंड जोर पकड़ेगी, वहीं 27 से नए पश्चिमी विक्षोभ से मावठे के आसार हैं।
इधर, आज बादलों के बीच 3 से 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बह रहीं उत्तर-पूर्व हवाओं से ठंड पर बे्रक लगा हुआ है। कल शाम शहर का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। गत वर्ष आज ही के दिन शहर का अधिकतम तापमान 26.0 डिसे और न्यूनतम तापमान 10.0 डिसे रिकॉर्ड किया गया था।