आर्य समय संवाददाता जबलपुर। आबकारी विभाग जबलपुर ने विजय नगर स्थित शराब दुकान में छापामार कार्रवाई करते हुए हजारों रुपए की अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की है। मां नर्मदा एसोसिएट ग्रुप की इस दुकान में घोषित स्टॉक के आलावा बाहर से शराब बेची जा रही थी, आबकारी पुलिस ने विजय नगर शराब दुकान से 35 पेटी अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए लाइसेंस धारक को नोटिस देकर एक सप्ताह में जवाब मांगा है।
अगर जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो अवैध रुप से शराब बेचने के तहत एफआईआर करते हुए लाइसेंस निरस्तीकरण भी किया जा सकता है। आबकारी विभाग के द्वारा अचानक की गई इस बड़ी कार्रवाई के बाद से शराब दुकान संचालकों में हड़कंप मच गया है।
दरअसल सहायक आबकारी आयुक्त रविन्द्र मानिकपुरी को मुखबिर से सूचना मिली कि विजय नगर स्थित शराब दुकान में बाहर से लाकर बेची जा रही है। अवैध शराब बड़ी मात्रा में हो सकती है। सूचना पर सहायक आबकारी ने जिला कंट्रोलर के टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार की दोपहर को मौके पर पहुंची आबकारी विभाग और विजय नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रुप से दबिश दी और स्टॉक का मिलान किया तो करीब 35 पेटी अधिक शराब मिली। जो कि अंग्रेजी और देशी थी।
सहायक आबकारी आयुक्त ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि दूसरे जिले से दुकान में शराब लाकर रखी गई थी, और फिर यहां से बेची जा रही थी। उन्होंने बताया कि मां नर्मदा एसोसिएट ने शराब का अवैध स्टॉक रखते हुए सरकार को राजस्व की हानि पहुंचाई है। फिलहाल लाइसेंस धारक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। दुकान से मिली 35 पेटी अवैध शराब को जब्त करने की कार्रवाई की गई है।

Continue With Google
Comments (0)