आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। कैंट विधानसभा के अंतर्गत आने वाले बिलहरी में आज रविवार की सुबह खेल मैदान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। क्षेत्रीय लोंगो का आरोप था कि आर्मी ने ग्रांउड में लगे गोलपोस्ट को उखाड़ कर सड़क पर फेंक दिया। जबकि उक्त ग्राउंड में वर्षो से बच्चें अभ्यास करते चले आ रहे हैं।

इसी ग्राउंड से प्रशिक्षित हुए कई बच्चें नेशनल तक पहुंचे हैं। काफी देर तक विवाद चलने के बाद मौके पर कुछ भाजपा के नेता भी पहुंचे और उन्होने ने आर्मी स्टेशन सेल के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर पूरे मामले में बीच का रास्ता निकालने की बात कही। वहीं मौके पर पहुंची महिला सैन्य अधिकारी ने कहा कि 15 दिनों तक उक्त ग्रांउड में कैंप चलेगा। 

जानकारी के मुताबिक आर्मी ट्रेनिंग सेंटर 4 टीटीआर द्वारा बिलहरी कब्रिस्तान से लगे हुए ग्राउंड में कैंप लगाया गया है। जहां आर्मी जवानों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। बताया जाता है कि उक्त ग्राउंड में वर्षो से क्षेत्रीय नागरिक व बच्चे भी खेल प्रशिक्षण लेते हैं। लेकिन विगत कुछ दिनों से ग्राउंड में प्रवेश लेकर आर्मी और क्षेत्रीय लोगो के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई थी।

क्षेत्रीय नागरिक राम कृष्ण यादव ने बताया कि शनिवार की रात आर्मी ने बिना किसी पूर्व सूचना के ग्रांउड में लगे फुटबॉल गोल पोस्ट को उखाड़ दिया और मुख्य मार्ग पर फेंक दिया। इतना ही नहीं अब बच्चों को अभ्यास करने भी नहीं दिया जा रहा है।

पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय ठाकुर का कहना था कि क्षेत्र में खेल मैदान के नाम पर उक्त ग्राउंड ही शेष है। जिसमें काफी बड़ी संख्या बच्चें खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां करते हैं। हमारी मांग बस इतनी है कि खेल मैदान में क्षेत्रीय बच्चों को भी खेलने मिले। भले ही आर्मी समय निर्धारित कर दें। 

नगर निगम अध्यक्ष रिंकू बिज ने बताया महिला सैन्य अधिकारी से चर्चा के उपरांत यह तय हुआ है कि 15 दिनों के सैन्य कैंप के बाद बच्चों को पुनः अनुमति दे दी जाएगी।