आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बाई का बगीचा इलाके में पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से चाकूबाजी शुरू हो गई। इस हिंसक झड़प में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सीएसपी ओमती के अनुसार, सभी घायलों के परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए तत्काल सिटी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी ओमती ने बताया कि अस्पताल से प्राप्त प्राथमिक सूचना के अनुसार, चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल हुए विशाल सोनकर नामक व्यक्ति की मौत हो गई है। पुलिस फिलहाल अस्पताल और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पूरी जांच कर रही है।

पारिवारिक रंजिश बनी वजह
प्रारंभिक पूछताछ और जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों पक्षों के बीच पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को चिन्हित कर राउंड-अप (हिरासत में) किया जा रहा है। वारदात में लिप्त सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।