रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म 'एनिमल' रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. वहीं इस फिल्म के कई सीन्स और डायलॉग को लेकर विवाद भी चल रहा है. फिल्म ने दुनियाभर में तकरीबन 600 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. तो वहीं भारत में 350 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. इस बीच फिल्म की कहानी और कैरेक्टर्स को लेकर डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा और सितारों को सोशल मीडिया यूजर्स के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है. अब रश्मिका मंदाना ने अपने किरदार गीतांजलि को लेकर एक पोस्ट शेयर की है.
फिल्म 'एनिमल' में रणबीर कपूर के किरदार रणविजय की पत्नी गीतांजलि का रोल रश्मिका मंदाना ने निभाया है. सिनेमाघरों में फिल्म के ने एक हफ्ता पूरा कर लिया है. ऐसे में रश्मिका ने अपने कैरेक्टर पर एक नोट शेयर किया है. 'एनिमल' के सेट से कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर कर रश्मिका ने बताया कि दूसरों की तरह वो भी अपने किरदार गीतांजलि के एक्शन पर शक करती थीं. ऐसे में डायरेक्टर वांगा ने उन्हें जो समझाया, उसके बारे में एक्ट्रेस ने फैंस को बताया है.
पहली तस्वीर में रश्मिका मंदाना, गीतांजलि के अवतार में गुस्से में खड़ी हैं. दूसरी तस्वीर में रश्मिका, रणबीर और डायरेक्टर वांगा को सीढ़ियों पर शूट के बीच खड़े देखा जा सकता है. एक्ट्रेस ने अपने नोट में लिखा, 'गीतांजलि. अगर मैं उसके बारे में एक वाक्य में बताऊं... तो वो घर पर अपने परिवार को एक साथ रखने वाली एकमात्र पावर होगी. वो प्योर, रियल, अनफिल्टर्ड, मजबूत और रॉ है... एक एक्टर के रूप में, मैं गीतांजलि के कुछ एक्शन्स पर सवाल उठाती था... और मुझे याद है कि मेरे निर्देशक ने मुझसे कहा था - रणविजय और गीतांजलि ऐसे ही लोग हैं... ये उनका प्यार और जुनून है, उनके परिवार और उनका जीवन - यही है.'
रश्मिका ने आगे लिखा, 'सभी तरह की हिंसा, चोट और असहनीय दर्द से भरी दुनिया में - गीतांजलि शांति और विश्वास लाएगी... वह अपने पति और बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए अपने भगवान से प्रार्थना करेगी... वह एक चट्टान है जिसने सभी का सामना किया है. वो अपने परिवार की खातिर अपनी शक्ति में कुछ भी कर सकती है. मेरी नजर में गीतांजलि बिल्कुल खूबसूरत है, और कुछ मायनों में वह उन ज्यादातर महिलाओं की तरह है, जो मजबूती से खड़ी हैं और दिन-ब-दिन अपने परिवार की रक्षा कर रही हैं.'
फिल्म 'एनिमल' में रश्मिका मंदाना के किरदार पर भी सवाल उठ रहे हैं. तो वहीं एक्ट्रेस को अपने काम के लिए तारीफ भी मिल रही है. मूवी की बात करें तो इसमें अनिल कपूर, बॉबी देओल, सौरभ सचदेव और तृप्ति डिमरी ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं.

Continue With Google
Comments (0)