आर्य समय संवाददाता, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले से इस वक्त की एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र के ग्राम घुघरी में एक साथ 13 चीतल और 2 सांभर की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इतनी बड़ी संख्या में वन्यजीवों की मौत की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और वन विभाग की टीमें तुरंत एक्शन में आ गई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल सर्जन डॉ. सुमंत वर्मा के निर्देशन में विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम गठित कर तुरंत मौके पर रवाना की गई। उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विकास, डॉ. नीता मनोचा के मुताबिक, मेडिकल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सभी 15 मृत वन्यजीवों का विधिवत पोस्टमार्टम कर दिया है।वन्यजीवों की मौत आखिरकार कैसे हुई? क्या यह किसी बीमारी का नतीजा है या इसके पीछे कोई और साजिश है? इन असली कारणों का पता लगाने के लिए विसरा और जरूरी सैंपल्स इकट्ठा कर जांच के लिए फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
डॉ. नीता मनोचा (उप संचालक, पशुपालन) ने बताया कि हमारी चिकित्सकीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी मृत वन्यजीवों का पोस्टमार्टम कर दिया है। मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सैंपल्स लैब भेजे गए हैं, रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। फिलहाल, वन विभाग और पशुपालन विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी और वन्यजीव संरक्षण के लिए इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
Continue With Google
Comments (0)