आर्य समय संवाददाता, भोपाल। मध्यप्रदेश के प्रशासनिक गलियारे से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश भू-संपदा अपीलीय अधिकरण (Real Estate Appellate Tribunal - REAT) के नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय, जबलपुर के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस विनोद कुमार द्विवेदी को इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।


दरअसल, मध्य प्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय, भोपाल द्वारा 3 जुलाई 2026 को एक आदेश जारी किया गया। इस आदेश के अनुसार, राज्य सरकार ने भू-संपदा (विनियमन और विकास) अधिनियम, 2016 की धारा-45 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जस्टिस विनोद कुमार द्विवेदी को मध्य प्रदेश भू-संपदा अपीलीय अधिकरण का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।

जस्टिस विनोद कुमार द्विवेदी का कार्यकाल पद ग्रहण करने की तारीख से अधिकतम 5 वर्ष के लिए या फिर 67 वर्ष की आयु पूरी होने तक (जो भी पहले हो) रहेगा। रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े मामलों की अपीलों के निपटारे के लिहाज से इस नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है। इस नियुक्ति के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि भू-संपदा से जुड़े अपीलीय मामलों की सुनवाई में और तेजी आएगी।