आर्य समय संवाददाता, भोपाल। गुजरात हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश कोगजे ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) के रूप में गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ले ली है।
भोपाल स्थित राजभवन (लोक भवन) में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी मौजूदगी में जस्टिस कोगजे को शपथ दिलाई। इस अवसर पर मप्र हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ न्यायाधीश और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण के बाद जबलपुर आगमन
शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने के बाद नए मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अल्पेश कोगजे शाम को ही संस्कारधानी जबलपुर पहुंच गए। वे शुक्रवार से आधिकारिक तौर पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभालेंगे और प्रशासनिक व न्यायिक कामकाज का नेतृत्व करेंगे।
आज मिलेगा गार्ड ऑफ ऑनर और फुलकोर्ट वेलकम
शुक्रवार सुबह जस्टिस कोगजे पहली बार हाईकोर्ट पहुंचेंगे, जहां उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं:
सुबह 10:00 बजे: हाईकोर्ट परिसर में उन्हें परंपरा के अनुसार 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया जाएगा।
सुबह 10:30 बजे: कोर्ट रूम नंबर-1 में 'फुलकोर्ट वेलकम ओवेशन' (ऑपचारिक स्वागत समारोह) आयोजित होगा, जिसमें हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीश, रजिस्ट्रार जनरल और अधिवक्ता संघ के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
स्वागत के बाद शुरू होगी मुकदमों की सुनवाई
अभिवादन समारोह समाप्त होने के तुरंत बाद जस्टिस अल्पेश कोगजे की अध्यक्षता वाली डिवीजन बेंच कोर्ट रूम नंबर-1 में लंबित मुकदमों की सुनवाई शुरू करेगी। इसके साथ ही मप्र हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में उनका नियमित न्यायिक कार्यदिवस प्रारंभ हो जाएगा।
गरिमापूर्ण सफर
जस्टिस अल्पेश कोगजे इससे पहले गुजरात हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। मध्यप्रदेश ट्रांसफर और पदोन्नति के बाद अब वे राज्य की न्यायपालिका का नेतृत्व करेंगे।
समारोह में ये रहे मौजूद:
राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक रुसिया, जस्टिस आनंद पाठक, जस्टिस जीएस अहलूवालिया, जस्टिस सुबोध अभ्यंकर तथा रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह समेत न्यायपालिका एवं प्रशासन की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
Continue With Google
Comments (0)