आर्य समय संवाददाता,(नीलेश मणि त्रिपाठी) रीवा। नेशनल हाईवे 39 (रीवा-सीधी मार्ग) पर बदवार बस स्टैंड के पास एक दर्दनाक और भीषण सड़क दुर्घटना होने की खबर सामने आई है। रीवा से सीधी की ओर जा रही पवन ट्रेवल्स की यात्री बस और एक तेज रफ्तार बल्कर ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे तालाब/पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी।

कई यात्रियों के दबे होने की आशंका
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 5 से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दर्जनों यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बस का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और कई अन्य यात्रियों के बस के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

राहत और बचाव कार्य जारी, पुलिस बल मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंच गई है। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया जा रहा है। मलबे में दबे यात्रियों को निकालने के लिए क्रेन और बचाव टीमों को लगाया जा रहा है।

्मौसम खराब होने और बारिश के कारण बचाव कार्य में थोड़ी दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की प्राथमिक प्राथमिकता सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र व जिला अस्पताल पहुंचाना है।