आर्य समय संवाददाता, जबलपुर खजरी खिरिया बायपास पर जमीनों का गड़बड़झाला करने वाले भू-माफिया कदीर खान उर्फ कज्जू की प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक ने आत्महत्या करने जहर पी लिया। युवक को गंभीर हालत में उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जहर पीने से पहले पीड़ित ने 3 पेज का सुसाइड नोट और सोशल मीडिया में एक वीडियो अपलोड किया है, जिसमें उसने कहा कि, वह कदीर खान से प्रताड़ित होकर आत्महत्या कर रहा है। मरने के अलावा मेरे पास दूसरा कोई विकल्प नहीं है। कज्जू कदीर बहुत रसूखदार व्यक्ति है, उससे लड़ना संभव नहीं है।

अधारताल क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद अफजल अंसारी ने सुसाइड नोट में लिखा है, कि उसने कज्जू कदीर से करीब 5200 वर्गफीट प्लाट का सौदा 70 लाख रुपए में किया था। पूरी रकम चुकता करने के बाद प्लाट की रजिस्ट्री हो गई, लेकिन कब्जा नहीं मिला। प्लाट का सीमांकन कराया तो मौके पर सिर्फ 2200 वर्गफीट जमीन मिली। कज्जू से बात की तो उसने कह दिया कि बाद में देख लेंगे, बदले में दूसरी जमीन दे दूंगा। अब कज्जू कह रहा है, कि जमीन तो नहीं है, तुम्हें जहां शिकायत करना हो कर दो। 3 पेज के सुसाइड नोट में मोहम्मद अफजल ने कज्जू पर एनएसए लगने सहित अन्य बातों का उल्लेख किया है। परिजनों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है।
https://www.youtube.com/watch?v=n7UaJ1XwMQ8   

वीडियो देखिए