आर्य समय संवाददाता जबलपुर/सिवनी। शराब ठेकेदार से 3,50,000 रुपए की रिश्वत लेने के मामले में लोकायुक्त जबलपुर ने शैलेश कुमार जैन सहायक आयुक्त आबकारी जिला सिवनी व पवन कुमार झारिया सहायक जिला आबकारी अधिकारी सिवनी पर रिश्वत लेने के मामले में एफआईआर दर्ज की है।
अधीक्षक लोकायुक्त ने बताया कि आवेदक राकेश कुमार साहू जिला सिवनी ने लिखित शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया था कि वह जिला सिवनी के तीन सिंडिकेट ग्रुप की नौ शराब दुकानों का ठेका संचालन करता है। जिसको सुचारू चलाने अवैध मासिक रिश्वत 5 लाख रुपए की मांग शैलेश कुमार जैन सहायक आयुक्त आबकारी जिला सिवनी द्वारा की गई है। जिसकी शिकायत सत्यापन किया गया।
जिसके बाद ठेकेदार ने 3 लाख 50 हजार रुपए देना तय किया। जिस पर रिश्वत की राशि पवन कुमार झारिया सहायक जिला आबकारी अधिकारी तक पहुंचने को कहा गया। जिसके उपरांत आज मंगलवार को पवन कुमार झारिया सहायक जिला आबकारी अधिकारी को विदेशी मद्य भांडागार जिला सिवनी में रिश्वत लेते रंगे हाथों लोकायुक्त जबलपुर टीम ने दबोच लिया।
छापामार टीम में उप पुलिस अधीक्षक दिलीप झरवडे, इंस्पेक्टर मंजू किरण तिर्की, इंस्पेक्टर कमल सिंह उईके, इंस्पेक्टर नरेश बेहरा एवं 5 अन्य सदस्य शामिल थे। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जा रही है!

Continue With Google
Comments (0)