आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। करमचंद चौक स्थित टीबड़े मार्केट की थर्ड फ्लोर में दोपहर करीब 12 बजे एकाएक लगी भीषण आग से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर अमले के साथ पुलिस और एमपीईबी के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। आग और धुआं के बीच महिला सहित 3 लोगों को टीम ने रेस्क्यू करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला है। भीषण आग को काबू करने के लिए आधा दर्जन से अधिक फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची है। आग में मैडम कलेक्शन शोरूम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है।

जानकारी के मुताबिक टीबड़े मार्केट में मैडम कलेक्शन के नाम से कपड़े का कारोबार होता है। मैडम कलेक्शन के संचालक का नाम रम्मू बलेचा बताया जा रहा है। भीषण आग को काबू करने के लिए दमकल कर्मियों को बड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पुलिस ने दोनों ओर से मार्ग बंद किया, तब मौके पर सफल रेस्क्यू हो सका।

मैडम कलेक्शन में आग लगने के बाद आसपास के दुकान संचालक दुकान छोड़कर किसी तरह सीढियों से बाहर की ओर भागे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रविवार होने के कारण कुछ दुकानें सुबह खुली ही नहीं। पूरा मार्केट खुला होता तो स्थिति और भयावह हो जाती।