आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। पुरी में बंगाल की खाड़ी समुद्र तट को आगामी 48 घंटे में हिट करने जा रहे साइक्लोन दाना के चलते रेल प्रशासन ने पुरी,हावड़ा परिक्षेत्र की डाउन दिशा की 93 तथा अप दिशा की 85 यात्री गाड़ियों का संचालन रद्द कर दिया है। रेल प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई साइक्लोन से होने वाले संभावित खतरे को देखते हुए उठाया है। इसी तरह से नागपुर मण्डल पर रेल ब्रिजों के अनुरक्षण कार्य के चलते रीवा से जबलपुर होकर इतवारी के बीच चलने वाली ट्रेन को भी चार ट्रिप के लिए रद्द कर दिया गया है।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ.मधुर वर्मा ने बताया कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे,नागपुर मण्डल पर ब्रिजों के अनुरक्षण का कार्य किया जाना है जिसके चलते रीवा से इतवारी के बीच चलने वाली ट्रेन क्रमांक11755 यात्री गाड़ी को 23, 25, 26 एवं 28 अक्टूबर को 4 ट्रिप के लिए निरस्त रहेगी। इसी तरह से इतवारी से चलकर जबलपुर होकर रीवा जाने वाली ट्रेन क्रमांक 11756 को भी 22, 24, 25 एवं 27 अक्टूबर को निरस्त रखा जाएगा।
इसी क्रम में साइक्लोन दाना के खतरे को देखते हुए हावड़ा-सिकंदराबाद, शिमला से पुरी, नई दिल्ली से भुवनेश्वर, हावड़ा से पुरी,संतराकाछी से मंगलोर, पटना से एर्नाकुलम,कोयना से पुरी,दुर्ग से पुरी, अजमेर से पुरी सहित अन्य ट्रेनें 23 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक निरस्त रखी जाएंगी।