आर्य समय संवाददाता, जबलपुर। गौर चौकी अंतर्गत नर्मदा के सिलुआ घाट पर रविवार को दो दोस्तों की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने साथियों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए उसका दोस्त भी नदी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम चौखड़ा निवासी ध्रुव पटेल (19) और सागर पटेल (17) रविवार सुबह अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ सिलुआ घाट पहुंचे थे। गर्मी और छुट्टी के दिन का आनंद लेने के लिए सभी युवक नर्मदा नदी में नहा रहे थे। शुरुआत में सभी घाट के पास उथले पानी में थे, लेकिन कुछ देर बाद ध्रुव पटेल नदी के गहरे हिस्से की ओर चला गया।
बताया जाता है कि ध्रुव अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और खुद को संभाल नहीं सका। वह डूबने लगा और मदद के लिए चिल्लाने लगा। अपने दोस्त को संकट में देख सागर पटेल तुरंत उसे बचाने के लिए पानी में उतर गया। हालांकि वह भी गहराई और भंवर का अंदाजा नहीं लगा सका।
दोनों दोस्तों ने काफी देर तक बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन नदी के तेज बहाव और गहरे पानी में फंसने के कारण वे खुद को नहीं बचा सके। कुछ ही पलों में दोनों युवकों को नदी ने अपनी आगोश में ले लिया। घाट पर मौजूद नाविक और स्थानीय लोग तुरंत नदी की ओर दौड़े। कुछ नाविक युवकों को बचाने के लिए नदी में भी उतरे, लेकिन तब तक दोनों युवक पानी में लापता हो चुके थे।
सूचना मिलते ही गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ सिलुआ घाट पहुंचे। वहीं एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। दोनों युवकों की तलाश के लिए नदी में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
रेस्क्यू टीम ने नावों और गोताखोरों की मदद से कई घंटों तक नदी में खोजबीन की। तेज बहाव और गहराई के कारण अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। लगातार प्रयासों के बाद करीब तीन घंटे बाद दोनों युवकों के शव घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर चट्टानों के पास फंसे हुए मिले।