आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शनिवार को बरेला के चिन्हित ब्लैक स्पॉट बनते जा रहे शारदा मंदिर तिराहे के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो डंपर के निचले हिस्से में फंस गई। इसके बाद भी डंपर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और स्कार्पियो को करीब आधा किलोमीटर तक बेरहमी से घसीटता रहा। इसी दौरान स्कार्पियो में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटों में घिरी स्कार्पियो सवार युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे वाहन के भीतर ही जिंदा जल गए। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ ने तुरंत आग बुझाने और कार में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दोनों को नहीं बचाया जा सका।
इस दर्दनाक हादसे के बाद घटना स्थल और आसपास के पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो उसके भीतर से 2 लोगों के पूरी तरह झुलसे हुए शव बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवा दिया। इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही दोनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने इस पूरे मामले में तत्परता दिखाते हुए फरार डंपर चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम दुर्घटना के सही कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आसपास के चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में भारी वाहन के चालक की घोर लापरवाही और तेज रफ्तार को ही इस भयानक हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़कों पर दौड़ने वाले भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और यातायात नियमों के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन डंपर को जब्त कर आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश कर रहा है।

Continue With Google
Comments (0)