आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के कलेक्टर के निर्देशानुसार शनिवार को गोरखपुर के ग्राम दलपतपुर स्थित एक अवैध कॉलोनी में निर्मित सड़क, नाली एवं अन्य अवैध संरचनाओं को प्रशासन ने हटाने की कार्रवाई की। संबंधित कॉलोनाइजर श्री गुरूजी कंस्ट्रक्शन को पूर्व में विधिवत नोटिस जारी कर अवैध रूप से निर्मित संरचनाओं को स्वयं हटाने का अवसर प्रदान किया था। तय समय में आदेश का पालन नहीं करने पर एसडीएम गोरखपुर अनुराग सिंह के आदेश पर तहसीलदार गोरखपुर, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर, थाना प्रभारी भेड़ाघाट, नगर निगम की टीम एवं राजस्व अमले की उपस्थिति में जेसीबी एवं अन्य संसाधनों की सहायता से यह कार्रवाई संपादित की गई।
एसडीएम अनुराग सिंह ने स्पष्ट किया है कि अनुविभाग क्षेत्र में विकसित की जा रही समस्त अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अवैध रूप से निर्मित सड़क, नाली, सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण एवं अन्य संरचनाओं को उनकी मूल स्थिति में वापस लाने के लिए नियमानुसार हटाया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले कॉलोनाइजरों के विरुद्ध सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे। आवश्यकतानुसार संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने, कॉलोनी विकास से संबंधित अवैध गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने, शासन के प्रचलित नियमों के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई करने तथा अन्य वैधानिक कार्यवाहियां भी सुनिश्चित की जाएंगी।
एसडीएम ने नागरिकों से की अपील-
एसडीएम अनुराग सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पूर्व उसकी वैधानिक स्थिति, कॉलोनाइजर लाइसेंस, विकास अनुज्ञा एवं अन्य आवश्यक अनुमतियों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से भविष्य में गंभीर कानूनी एवं व्यावहारिक समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।

Continue With Google
Comments (0)