आर्य समय संवाददाता, रीवा। रीवा–सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर बुधवार को एक दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। गुढ़ थाना क्षेत्र के बदवार मोड़ के समीप मोहनिया टनल की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक (बलकर) ट्रक ने रीवा की ओर से आ रही पवन ट्रेवल्स यात्री बस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक (बलकर) सड़क के बीचों-बीच पलट गया, जबकि यात्री बस सड़क किनारे पानी से लबालब भरे गहरे गड्ढे में जा पलटी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग बस के भीतर फंस गए। उपस्थित लोगों एवं राहगीरों में घटना की सूचना गुढ़ थाने को दी, हादसे की सूचना मिलते ही गुढ थाना प्रभारी पुष्पेंद्र यादव पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।
करीब 35 यात्री थे सवार, 5 की मौत की पुष्टि
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पवन ट्रेवल्स की यात्री बस में करीब 35 यात्री सवार थे। भीषण टक्कर में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हो गई है, एवं कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिली है, घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए गुढ़ तहसील के अनुविभागीय अधिकारी सुधाकर सिंह और तहसीलदार अरुण यादव सहित जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रदीप दुबे भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य को तेज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सुरवंशी और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरण सिंह सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का पूरा अमला घटनास्थल पर पहुंच गया। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव का कार्य में जुटे दिखाई दिए, घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए।
क्रेन और जेसीबी से बस को निकाला गया
हादसे के बाद बस पानी से भरे गड्ढे में पलट जाने के कारण बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था। कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल क्रेन और जेसीबी की व्यवस्था कराई गई। भारी मशक्कत के बाद पलटी हुई पवन ट्रेवल्स बस को सीधा कराया गया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया। गड्ढे में भरे पानी की वजह से बचाव कार्य में आ रही परेशानी को देखते हुए जेसीबी की मदद से पानी की निकासी के लिए नाली बनाकर रास्ता तैयार कराया गया, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य को और गति मिली।
जिला प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की, ताकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी न हो।घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय, रीवा सहित संबंधित चिकित्सालयों में भेजा गया। अस्पतालों में भी प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में घायलों के उपचार और आवश्यक व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। हुजूर अनुविभागीय अधिकारी अनुराग तिवारी भी संजय गांधी अस्पताल में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
हादसे के बाद हाईवे पर मचा हड़कंप
भीषण दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया और राहत-बचाव कार्य में राहगीरों तथा स्थानीय लोगों का भी सहयोग लिया। प्रशासन द्वारा घायलों को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहनों के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Continue With Google
Comments (0)