आर्य समय संवाददाता, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाली बड़ी खबर सामने आ रही है। शारदेय नवरात्रि की अष्टमी और नवमी की दरमियानी रात (शनिवार-रविवार) को एक अनियंत्रित ट्रक चेक पोस्ट, बैरिकेट्स और सुरक्षा दीवारों को तोड़ते हुए सीधे शीतला माता मंदिर परिसर में जा घुसा। इस भीषण हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4 पुलिसकर्मियों सहित करीब 40 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आधी रात का वक्त होने के बावजूद मंदिर में मंगला आरती और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी।

कैसे हुआ हादसा-
जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि के चलते मंदिर के आसपास के मार्ग भारी वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित थे। यातायात और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बैरिकेट्स और चेक पोस्ट की विशेष व्यवस्था की गई थी, साथ ही पुलिस बल भी तैनात था। इसके बावजूद, अनाज से भरा एक भारी ट्रक ढलान से लुढ़कते हुए सुरक्षा घेरे को चीरता हुआ सीधे मंदिर तक जा पहुंचा। गनीमत यह रही कि ट्रक मंदिर परिसर में मौजूद 200 साल पुरानी एक मजबूत दीवार से टकराकर रुक गया, वरना यह हादसा और भी अधिक भयानक हो सकता था।

मंगला आरती के वक्त मची चीख-पुकार-
रात करीब 1:30 बजे हुए इस हादसे से ठीक पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगला आरती के इंतजार में और दर्शन के लिए वहां मौजूद थे। ट्रक के अचानक कहर बनकर टूटने से मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में जान गंवाने वालों में ग्वालियर के स्थानीय निवासी शामिल हैं, जिनकी पहचान 50 वर्षीय सरला तोमर, 18 वर्षीय गौरव परिहार, 45 वर्षीय महेश शर्मा, 16 वर्षीय दिव्यांश कुशवाहा और 23 वर्षीय पवन विद्या राम राठौर आदि के रूप में हुई है। प्रशासन मृतकों की पूरी सूची और शिनाख्त की पुष्टि में जुटा है। दुर्घटना में लगभग 40 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रशासनिक कार्रवाई और लोगों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने घटना के हर पहलू की गहराई से जांच शुरू कर दी है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) को दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की सूक्ष्म मैकेनिकल जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस भयंकर लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था में सेंध को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक दिलबाग सिंह और ट्रक मालिक मोहित सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।