आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के लोग भले ही आज सरकारी अस्पतालों में इलाज कराने के नाम पर दूर भागते हो लेकिन हकीकत यह है कि जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल ने दिल्ली के विज्ञान भवन में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड में स्वंय को प्रमाणित करके 96 प्रतिशत अंक प्राप्त करके पहला स्थान पाया है। 

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में शनिवार को प्रताप राव जाधव राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष विभाग भारत सरकार, अनुप्रिया पटैल राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, अपूर्व चंद्रा सचिव केन्द्रीय स्वास्थ्य विभाग, आराधना पटनायक, मिशन डायरेक्टर एनएचएम भारत सरकार की उपस्थिति में पुरूस्कार वितरण किया गया। 

पुरस्कार प्राप्त करने के लिये मोहम्मद सुलेमान, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मध्यप्रदेश शासन के नेतृत्व में डॉक्टर संजय मिश्रा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर डॉक्टर मनीष  मिश्रा, सिविल सर्जन विक्टोरिया चिकित्सालसय, अंजू कुशवाहा नर्सिंग अर्फिसर विक्टोरिया अस्पताल जिले की ओर से उपस्थित रहे।

 इस अवसर पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर के वर्चुअल एसेसमेंट की गाईडलाईन का अनावरण हुआ, साथ ही साथ फूड सेफ्टी के लायसेंस को त्वारित गति से बनाकर देने की प्रक्रिया का भी शुभारंभ किया गया। आईपीएसएच की नई गाईडलाइन का भी शुभारंभ किया गया।

मालूम हो कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड के अंतर्गत जिन अस्पतालों को देश में प्रमाणीकरण मिला था, उन अस्पतालों में अलग-अलग श्रेणी जैसे जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदयिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर श्रेणीयां में जिन अस्पतालों को सबसे अधिक अंक प्राप्त हुये थे, उन्हें सम्मानित करने के लिये विज्ञान भवन नई दिल्ली में एक गरिमामयी कार्यक्रम आयोजित किया गया।