आर्य समय संवाददाता,जबलपुर। शहर के कुछ क्षेत्रों में पानी की किल्लत के चलते अब विवाद की स्थिति बनने लगी है। ताजा मामला रांझी थाना क्षेत्र के अंबेडकर वार्ड की पुरानी बस्ती में सामने आया। जहां पानी के टैंकर से पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि टैंकर चालक और कथित भाजपा कार्यकर्ता ने पानी भरने आई महिलाओं से गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल रांझी ले जाया गया।
परिजनों ने बताया कि अंबेडकर वार्ड में पानी की किल्लत के चलते टैंकर से पानी बांटा जा रहा था। पानी भरने को लेकर टैंकर चालक और कुछ लोगों से महिलाओं का विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान अंबेडकर वार्ड का सचिन समुद्रे मौके पर पहुंचा। परिजनों का कहना है कि सचिन समुद्रे खुद को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता बताता है। जनता के हित में काम करने की जगह वह क्षेत्रीय लोगों और महिलाओं से गाली-गलौज करने लगा।
विवाद बढ़ने पर जब एक महिला ने बीच-बचाव किया तो सचिन समुद्रे ने उसके साथ हाथापाई कर दी। हमले में महिला घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रांझी थाना पुलिस को सूचना दी। घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल रांझी ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। रांझी थाना पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Continue With Google
Comments (0)