आर्य समय संवाददाता जबलपुर। एमपीआइडीसी 20 जुलाई को रीजनल इंडस्ट्री कॉनक्लेव-2024 जबलपुर में आयोजित करने जा रहा है। जिसमें डिफेंस,मिनरल्स, एग्रीकल्चर,टेक्सटाइल, एग्रोफूड सहित विभिन्न इंडस्ट्रियों को बढ़ावा देने एवं उनके उत्थान के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए जाने हैं। इस कॉन्क्लेव में देशभर की प्रख्यात औद्यौगिक इकाईयों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मध्यप्रदेश सरकार उक्त सभी इंडस्ट्रियों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल माहौल निर्मित करना चाहती है। जिससे कि स्थानीय वेंडर्स के लिए व्यवसाय करने हेतु पर्याप्त अवसर हो तथा सभी के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े।
इसी मुद्दे पर गत दिवस व्हीकल फैक्टरी जबलपुर में मुख्य महाप्रबंधक संजीव कुमार भोला एवं जबलपुर के कलेक्टर दीपक सक्सेना, नगर निगम कमिश्नर प्रीति यादव, एमपीआइडीसी की एग्ज्यूकिटिव डायरेक्टर सृष्टी प्रजापति तथा एमपीआइडीसी के अन्य अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में व्हीएफजे की ओर से महाप्रबंधक कमलेश कुमार,एके राय,आशुतोष कुमार सहित अन्य सभी अधिकारी शामिल हुए।
व्हीएफजे और एमपीआइडीसी के बीच हुई बैठक में डिफेंस इंडस्ट्री के विकास एवं उसके लिए अनुकूल वातावरण निर्मित करने के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई। एमपीआइडीसी के अधिकारियों ने बताया कि रिजिनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में डिफेंस इंडस्ट्री के विकास एवं उसके विस्तार के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे तथा प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
व्हीएफजे के मुख्य महाप्रबंधक संजीव कुमार भोला ने बताया कि जबलपुर में डिफेंस इंडस्ट्री के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि व्हीएफजे इसके लिए स्वयं प्रयत्नशील है। अभी हाल ही में व्हीएफजे ने ट्रिपल आईटी डीएम के साथ मिलकर एमओयू साइन किया है। जिससे कि रिसर्च एवं डेवलपमेंट के क्षेत्र में बेहतर कार्य किए जा सके। बैठक में इस बात पर सहमति बनी की डिफेंस इंडस्ट्री के विस्तार के लिए स्थानीय वेंडर्स को पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए, लेकिन इसके लिए यह भी आवश्यक है कि स्थानीय वेंडर्स गुणवत्तापूर्ण उत्पादों का निर्माण करें एवं समय पर उनकी आपूर्ति सुनिश्चित करें।
संजीव कुमार भोला ने कहा कि सभी स्थानीय इंडस्ट्रियों में स्किल डेवलपमेंट की दिशा में कार्य करने की जरूरत है। जिससे कि वे बड़ी डिफेंस इंडस्ट्रियों की मांग के अनुरूप विशेष गुणवत्तापूर्ण उत्पाद निर्मित कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने नवीनतम डिफेंस टेक्नोलॉजी को अपनाने एवं उसके अनुरूप आगे बढ़ने की जरूरत पर जोर दिया। 20 जुलाई को जबलपुर में आयोजित होने वाले रिजिनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियों साझा की जाएंगी एवं डिफेंस इंडस्ट्री के विकास एवं विस्तार हेतु ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Continue With Google
Comments (0)