जबलपुर  मौसम विज्ञानियों से मिल रहे संकेतों के अनुसार अगले 72 घंटों में पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मानसून के सक्रिय होने के आसार हैं। इधर अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से प्री मानसूनी गतिविधियां तेज होती जा रहीं हैं। कल अपराह्न और आज सुबह प्री मानसूनी बारिश ने शहर को भिगो दिया। उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों के लिए यह बड़ी राहत से कम नहीं था।

कल अपराह्न आधा इंच और आज सुबह उमड़-घुमड़ कर बरसे बादलों ने इस सीजन में अब तक बारिश का आंकड़ा 29.9 मिलीमीटर (सवा इंच)  करीब पहुंचा दिया है। हालांकि दिन शुरू होने के साथ सूर्यदेव ने फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञानी दोपहर बाद फिर हवा-पानी की संभावना जाहिर कर रहे हैं। कुल मिलाकर मिल रहे मौसम संकेतों के अनुसार अगले कुछ दिन बारिश-पानी वाले हो सकते हैं।

स्थानीय मौसम वेधशाला में कल शाम 5.30 बजे तक 12.8 मिलीमीटर और आज सुबह करीब 8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अलसुबह बादलों की तेज घड़घड़ाहट से एक बारगी ऐसा लगा जैसे मानसून सक्रिय हो रहा है, किंतु मौसम विद इसे प्री-मानसूनी गतिविधि बता रहे हैं। उनके अनुसार अगले 72 घंटों में पूर्वी मध्यप्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के अच्छे आसार हैं।

रात का पारा सामान्य से 3 डिग्री कम-

 कल शाम और आज सुबह हुई बारिश से रात का तापमान धड़ाम से 22.4 डिग्री सेल्सियस के निचले पायदान पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री कम रहा। इसके एक दिन पूर्व तक यह 28 और 30 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा था। दिन का तापमान भी 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके आज और नीचे जाने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बारिश की गतिविधि बढ़ने के साथ तापमान में और गिरावट आएगी, किंतु धूप निकलने के साथ ही तीखी उमस से इंकार नहीं किया जा सकता।